जबलपुर। इंटरनेशनल डिजाइन एकेडमी (आईडीए) की ओर से 4 अक्टूबर को आयोजित फैशन शो ‘इवॉल- द ग्लोबल रनवे’ में देशभर के युवा डिजाइनरों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। 20 से अधिक फ्रेंचाइजी से आए डिजाइनर्स ने 300 से अधिक पारंपरिक, फ्यूजन और वेस्टर्न परिधानों को रैंप पर प्रस्तुत किया।
आईडीए की डायरेक्टर एवं फाउंडर बतुल अली ने बताया कि शो का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने ब्रांड और स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रीय मॉडल्स और अनुभवी कोरियोग्राफर्स के मार्गदर्शन में हुई कैटवॉक ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ब्राउन एंड ब्लैक द लेदर स्टूडियो ने भी अपने विशेष लेदर कलेक्शन प्रस्तुत किए।बतुल अली ने बताया कि आईडीए के विद्यार्थी लंदन, मिलान और रोमानिया फैशन वीक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। आयोजन में नासिक, रीवा, बिलासपुर, जामनगर और वाराणसी से आए संस्थानों के निदेशकों सहित एकेएस विश्वविद्यालय और आईटीआई के प्रतिनिधि व विद्यार्थी भी शामिल हुए। मेकअप, स्टाइलिंग, ज्वेलरी और अन्य सहयोगी ब्रांड्स ने भी आयोजन में योगदान दिया। आईडीए की फैकल्टी टीम ने शो के सफल संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।