जबलपुर। किसानों की मौजूदा समस्याओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन के लिए अखिल भारतीय कृषक परिषद की बैठक 8 और 9 अक्टूबर को राजस्थान के जोधपुर में आयोजित होगी। भारत कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय जाखड़ की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से किसान प्रतिनिधि, कृषक समाज के सदस्य, कृषि वैज्ञानिक, कृषि अर्थशास्त्री, विशेषज्ञ और सरकार के उच्चाधिकारी शामिल होंगे।
भारत कृषक समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजीनियर केके अग्रवाल ने बताया कि बैठक में किसानों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा कर केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले सुझावों और सिफारिशों का प्रारूप तैयार किया जाएगा। इसमें किसानों को उनकी उत्पादन लागत के अनुपात में लाभकारी समर्थन मूल्य दिलाने और फसलों की खरीद की गारंटी, आयात-निर्यात नीति में सुधार तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों के दबाव से किसानों के हितों की रक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।बैठक में किसानों की ऋण मुक्ति, गांव-खेत और किसान के बजट में वृद्धि, खेती की लागत कम करने के उपाय, कृषि आदान सामग्री को करमुक्त करने, अमेरिका द्वारा कृषि उत्पादों पर लगाए जाने वाले शुल्क को समाप्त कराने, किसान आय आयोग के गठन और सरकार की विभिन्न समितियों में किसानों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। किसानों के हित में केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से मुद्दे उठाने के लिए राष्ट्रीय स्तर की रणनीति तैयार करने पर भी विचार किया जाएगा।संभागीय सचिव रूपेंद्र पटेल और जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्रा ने बताया कि जबलपुर सहित संभाग के अन्य जिलों से कृषक समाज के सदस्य 6 अक्टूबर को दयोदय ट्रेन से जोधपुर के लिए रवाना होंगे।