जबलपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जबलपुर शाखा की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 4 अक्टूबर को आईएमए हाउस, राइट टाउन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. अमिता सक्सेना ने अध्यक्ष और डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की।समारोह के मुख्य अतिथि सांसद आशीष दुबे रहे। कार्यक्रम में आईएमए मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत, विशिष्ट अतिथि डॉ. नवनित सक्सेना, आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. पुष्पराज भट्टे तथा सीएमएचओ जबलपुर डॉ. नवीना कोठारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अध्यक्ष पद की शपथ डॉ. अमिता सक्सेना तथा सचिव पद की शपथ डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने ली। डॉ. मोहसिन अंसारी ने कोषाध्यक्ष, जबकि उपाध्यक्ष पद पर डॉ. नीना श्रीवास्तव, डॉ. राखी बाजपेयी और डॉ. शमिक रजा ने शपथ ग्रहण की। संयुक्त सचिव के रूप में डॉ. ऋचा धीरवानी, डॉ. राजेश पटेल और डॉ. राजेश केवट ने शपथ ली। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. कुसुम जैन, डॉ. अलका अग्रवाल, डॉ. संध्या जैन और डॉ. अनीता जैन ने पदभार ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि सांसद आशीष दुबे ने चिकित्सकों से समाज के वंचित एवं गरीब वर्गों के बीच सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। आईएमए मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बी.एम. शरणागत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में चिकित्सकों के सक्रिय योगदान पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. नवनित सक्सेना ने सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और चिकित्सकों को चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर अद्यतन रहने की सलाह दी। आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. पुष्पराज भट्टे ने चिकित्सा क्षेत्र में नैतिक चिकित्सा पद्धति को अपनाने और उसके समावेश पर जोर दिया।
सीएमएचओ डॉ. नवीना कोठारी ने चिकित्सकों से अपने क्लीनिक एवं अस्पतालों में सरकारी नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अमिता सक्सेना ने निवारक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा गर्भ संस्कार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।सचिव डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने डायबिटीज एवं थायरॉयड जागरूकता तथा मेटाबोलिक हेल्थ को लेकर विशेष अभियान चलाने की घोषणा की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। संचालन डॉ. ऋचा धीरवानी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. नीना श्रीवास्तव ने किया। समारोह के अंत में नई कार्यकारिणी ने चिकित्सकीय सेवा, नैतिक चिकित्सा और समाज के वंचित वर्गों के स्वास्थ्य के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।