काशी एक्सप्रेस से लापता महिला मायके में मिली, पिता को सौंपा

जबलपुर। काशी एक्सप्रेस से लापता हुई 26 वर्षीय महिला को जीआरपी जबलपुर ने सकुशल दस्तयाब कर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। महिला ने पुलिस और न्यायालय के समक्ष दिए बयान में बताया कि वह अपनी इच्छा से मायके गई थी और उसके साथ किसी तरह की जोर-जबरदस्ती या अपराध नहीं हुआ।जीआरपी थाना जबलपुर में अपराध क्रमांक 522/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत महिला शालिनी मिश्रा की गुमशुदगी/अपहरण का प्रकरण दर्ज था। पुलिस के अनुसार महिला 1 अक्टूबर को अपने पिता देवी प्रसाद तिवारी के साथ थाने पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रेन क्रमांक 15018 काशी एक्सप्रेस के एच-1 कोच की बर्थ क्रमांक 4 पर प्रयागराज से मुंबई की यात्रा अपने देवर के साथ कर रही थी।महिला ने बताया कि मुंबई जाने की इच्छा नहीं होने पर वह इटारसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर गई और वहां से अपने मायके ग्राम उसरौली, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) चली गई। उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी इच्छा से मायके में रह रही थी और उसके साथ कोई अपराध नहीं हुआ।पुलिस ने महिला का शासकीय विक्टोरिया अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर धारा 183 बीएनएसएस के तहत कथन दर्ज कराए गए। न्यायालय के समक्ष भी महिला ने अपनी इच्छा से मायके में रहने और किसी प्रकार की घटना नहीं होने की पुष्टि की।महिला ने अपने पिता के साथ जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामले के फरियादी को भी महिला के दस्तयाब होने की सूचना दे दी है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।