कचरे के ढेर से उठ रही दुर्गंध, मॉर्निंग वॉकर की बढ़ी

जबलपुर। शहर की चर्चित सत्रह मंजिला इमारत के सामने इन दिनों स्वच्छता व्यवस्था की तस्वीर सवाल खड़े कर रही है। विजय नगर स्थित परोहा डेवलपर्स की विजन जबलपुर बिल्डिंग के सामने बड़ी मात्रा में कचरा और निर्माण मलबा जमा होने से पूरा क्षेत्र मानो अघोषित कचरा डंपिंग जोन में तब्दील हो गया है।सड़क किनारे खुले में फैला कचरा और जगह-जगह जमा मलबा न केवल आसपास का दृश्य बिगाड़ रहा है, बल्कि इससे उठने वाली दुर्गंध भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सुबह के समय यहां से गुजरने वाले और टहलने निकलने वाले लोगों को कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।क्षेत्र में जिस तरह कचरा और मलबा खुले में जमा है, उससे यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर यहां नियमित सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था कहां है। यदि यह कचरा लगातार लोग फेंक रहे हैं तो उन्हें रोकने और निगरानी की व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही। वहीं यदि यह निर्माण मलबा है तो उसे निर्धारित स्थान पर हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
सड़क किनारे फैले कचरे के कारण आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। सुबह घूमने निकलने वाले नागरिकों का कहना है कि स्वच्छ और खुले वातावरण में सैर करने के बजाय उन्हें कचरे और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।