राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में एमपी ट्रांसको के स्टॉल को द्वितीय पुरस्कार

जबलपुर। 13वें राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के स्टॉल को सरकारी क्षेत्र की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में 22 से 26 सितंबर तक आयोजित विज्ञान मेले में एनटीपीसी, भारत पेट्रोलियम की मध्यप्रदेश इकाई सहित विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने भाग लिया।एमपी ट्रांसको के स्टॉल पर ट्रांसमिशन प्रणाली से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और विभिन्न तकनीकी मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। ट्रांसमिशन लाइनों के मॉडल के अलावा गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन (जीआईएस), एयर इंसुलेटेड सबस्टेशन (एआईएस), ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क, ओपीजीडब्ल्यू संचार प्रणाली, एसएलडीसी एवं स्काडा डिस्प्ले, रिमोट वीडियो सर्विलांस, आयसोलेटर के रिमोट संचालन, फॉल्ट लोकेटर, भूमिगत केबल प्रणाली, पाइल फाउंडेशन, स्कैफोल्डिंग और आपातकालीन बहाली प्रणाली (ईआरएस) के मॉडल प्रदर्शित किए गए।चालू ट्रांसमिशन लाइनों के मेंटेनेंस में उपयोग किए जाने वाले हॉट सूट के मॉडल ने भी विद्यार्थियों और अन्य आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। तकनीकी मॉडलों और जानकारीपरक प्रस्तुतियों के चलते स्टॉल मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।एमपी ट्रांसको के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (प्लानिंग एवं डिजाइन) संदीप गायकवाड के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रदीप सिंह राघव और राजेश शांडिल्य के नेतृत्व में टीम ने महज छह घंटे में स्टॉल तैयार किया।एमपी ट्रांसको की ओर से अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रदीप सिंह राघव एवं राजेश शांडिल्य, अधीक्षण अभियंता सुधीर नेमा, कार्यपालन अभियंता अतुल नाबर, अवधेश चौबे, राजेश्वर सिंह ठाकुर तथा सहायक अभियंता आशीष जैन ने पुरस्कार प्राप्त किया।
एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने पुरस्कार को टीमवर्क, तकनीकी दक्षता और समर्पित प्रयासों का परिणाम बताया।