एमए इंग्लिश के प्रश्नपत्र में आउट का सिलेबस देख भड़के परीक्षार्थी परीक्षा  केंद्र से लौटे करीब 50 छात्र

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शनिवार को आयोजित एमए इंग्लिश चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में प्रश्नपत्र को लेकर विद्यार्थियों ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। विद्यार्थियों का आरोप है कि English Language-II के प्रश्नपत्र में चतुर्थ सेमेस्टर के पाठ्यक्रम के बजाय तृतीय सेमेस्टर से संबंधित प्रश्न पूछ दिए गए। प्रश्नपत्र हाथ में आते ही विद्यार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया और केंद्र से बाहर निकल आए।जानकारी के अनुसार परीक्षा का आयोजन एनईएस कॉलेज केंद्र पर किया गया था, जहां करीब 50 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। प्रश्नपत्र देखने के बाद विद्यार्थियों ने आपत्ति जताई और केंद्र पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने लिखित आवेदन देकर परीक्षा देने से इनकार कर दिया।

दो दिन में दूसरी बार सामने आई गड़बड़ी

विद्यार्थियों के मुताबिक, इसी विषय के प्रथम पेपर में भी 24 सितंबर को प्रश्नपत्र को लेकर इसी तरह की समस्या सामने आई थी। लगातार दूसरी बार प्रश्नपत्र में गड़बड़ी सामने आने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई। उनका कहना है कि परीक्षा की तैयारी में उन्होंने समय और मेहनत लगाई, लेकिन विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहले भी निरस्त हो चुके हैं पेपर

आरडीयू की परीक्षा व्यवस्था में प्रश्नपत्र को लेकर हाल के दिनों में लगातार शिकायतें सामने आई हैं। इससे पहले बीएएलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के हिंदी और एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर के पेपर को पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न पूछे जाने के कारण निरस्त करना पड़ा था। ऐसे में एमए इंग्लिश के प्रश्नपत्र में दोबारा गड़बड़ी सामने आने से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली और प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने मांगा जवाब

मामले में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की शिकायत पर परीक्षा नियंत्रक से जवाब मांगा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे निर्णय लिया जाएगा। अब विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के निर्णय और परीक्षा की आगामी व्यवस्था का इंतजार है।