गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के दंगल मैदान, भानतलैया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे मूर्तिकार बब्बा उर्फ मनोज सोनकर की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1:30 बजे मनोज सोनकर घर के पास बने पंडाल में गणेश प्रतिमाओं का काम कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे 2 से 3 बदमाशों ने पीछे से उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मनोज को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक पुलिस जांच में मृतक का शुभम मराठा और अन्य लोगों से पुराना विवाद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने शुभम मराठा के कुछ साथियों और परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की गई।