जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के शुभ मोटर्स के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। एफसीआई का करीब 22 टन चावल लेकर जा रहा 12 चका ट्रक फ्लाईओवर की ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक को सुधारने की कोशिश कर रहे उसके मालिक शेख इसराइल इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शेख इसराइल ट्रक के मालिक होने के साथ स्वयं ड्राइविंग और मैकेनिक का काम भी करते थे। सुबह ट्रक में खराबी आने के बाद उन्होंने उसे फ्लाईओवर पर खड़ा किया और तकनीकी खराबी तलाशने के लिए नीचे गए। इसी दौरान ट्रक अचानक आगे बढ़ गया और वह उसकी चपेट में आ गए।
बेकाबू ट्रक फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया, जिसके बाद वह रुक सका। हादसे की सूचना मिलते ही मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से ट्रक सुधारने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी मिले हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एक पल की लापरवाही या तकनीकी खामी बनी जानलेवाफ्लाईओवर की ढलान पर खड़े भारी वाहन को सुधारते समय उसके अचानक आगे बढ़ जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी में तकनीकी खराबी के कारण ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और स्पष्ट होगी।