जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मढ़ई में रहने वाले एक वास्तुशास्त्री की कार को सोमवार देर रात अज्ञात व्यक्तियों ने आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रांझी पुलिस के अनुसार मढ़ई निवासी वास्तुशास्त्री विनय उमरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी मारुति शिफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 जेडवाय 5810 को मढ़ई मस्जिद के पास अपने घर के निकट सड़क किनारे लॉक कर घर चला गया था। रात करीब दो बजे पास ही सुजाता स्टोर संचालक ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनकी कार में आग लगी हुई है। सूचना पाते ही विनय उमरे अपने भाई और पड़ोसी के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनकी कार जल रही थी।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। वास्तुशास्त्री का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर उनकी कार में आग लगाई, जिससे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 326 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।