सदर चौपाटी की पान दुकान में बिक रही थी प्रतिबंधित ई-सिगरेट!

जबलपुर। सदर चौपाटी क्षेत्र में पान-सिगरेट की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुकान नंबर-29 में दबिश देकर प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के 5 नग जब्त किए हैं। बरामद ई-सिगरेट की कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई गई है।कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले के अनुसार 14 सितंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सदर चौपाटी स्थित पान दुकान का संचालक प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट अवैध रूप से बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।पुलिस के मुताबिक दुकान संचालक ने पूछताछ में अपना नाम राजा चौधरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती कजरवारा, गोराबाजार बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल पांच ई-सिगरेट बरामद किए गए।जब्त सामग्री में अल्फवार आई किंग रिचार्जेबल डिस्पोजेबल ब्लू राज आइस, केन्गवेप स्पीडी बीस्ट, यूओटो बेयोंडर कोक आइस, यूओटो बेयोंडर वाटरमेलन आइस तथा यूओटो लेंस 50000 पफ्स कोक आइस ई-सिगरेट शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने पांचों ई-सिगरेट जब्त कर आरोपी के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का निषेध अधिनियम की धारा 4(1), 5(ए), 7 और 8 के तहत कार्रवाई की।