यादव कॉलोनी में 20 फीट दीवार फांदकर किराना दुकान से लाखों की चोरी!

जबलपुर। यादव कॉलोनी क्षेत्र में चोरी की लगातार घटनाओं ने व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। यादव कॉलोनी गली नंबर-3, हनुमान मंदिर के पास स्थित भगवान दास आटा चक्की के समीप किराना दुकान में चोरों ने कथित तौर पर रात के अंधेरे में 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर धावा बोल दिया। संचालक के मुताबिक चोर छत के रास्ते अंदर पहुंचे और दरवाजा खोलकर लाखों रुपए का किराना सामान और नकदी लेकर फरार हो गए।दुकान संचालक कमल केशवानी के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 से 3 लाख रुपए है। इसमें गल्ले में रखे 29 हजार रुपए नकद, काजू, किशमिश, बादाम, चावल के कट्टे, हल्दीराम की मिठाइयां, टोपियां, एमडीएच कंपनी के गरम मसाले, विभिन्न कंपनियों के बिस्कुट और अन्य किराना सामग्री शामिल है। आरोप है कि चोर सामान को बोरियों में भरकर दुकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट की ओर ले गए और वहां से करीब 20 फीट ऊंची दीवार पार कर भाग निकले।आसपास के लोगों के मुताबिक रात के समय कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि यादव कॉलोनी पुलिस चौकी क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके प्रभावी गश्त और निगरानी नजर नहीं आ रही।पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस से चर्चा करने पर वही पुराने तर्क सामने रखे गए—पुलिस बल की कमी है, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे होने चाहिए आदि। पीड़ित का आरोप है कि चोरी की रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं की गई और उसे यह कहकर जाने को कहा गया कि फोन आने पर थाने आना।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज कमला नेहरू नगर व्यापारी संघ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है। संघ का कहना है कि यदि समय रहते चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो व्यापारी संघ जन आंदोलन के लिए मजबूर होगा।20 फीट ऊंची दीवार फांदकर चोर दुकान तक पहुंचे, सामान बोरियों में भरा और पीछे के खाली प्लॉट के रास्ते फरार हो गए।