गणेशोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, संवदेनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने एसपी के निर्देश

जबलपुर। गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जबलपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दिखाई दे।
दोपहर 2 बजे आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर एसपी सख्त…..

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से संबंधित लंबित शिकायतों की स्वयं समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से विनम्रता से चर्चा कर उनकी समस्या को समझा जाए और जहां वैधानिक कार्रवाई आवश्यक हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायत का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए।
एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया प्रभावी और पारदर्शी रहे।

थाना प्रभारियों के साथ अलग से हुई बैठक…………

राजपत्रित अधिकारियों की बैठक के बाद दोपहर 3 बजे से शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। इसमें गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात को लेकर थाना स्तर पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

गणेश प्रतिमा स्थापना से विसर्जन तक सुरक्षा पर नजर………

एसपी ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना, विसर्जन कार्यक्रमों, जुलूसों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश भी दिए गए।

पुराने विवाद वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर…….

एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले वर्षों में गणेशोत्सव या अन्य पर्वों के दौरान जहां विवाद की स्थिति बनी थी, उन स्थानों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखी जाए। राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी ऐसे क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और स्थानीय स्तर पर सूचनातंत्र को मजबूत रखें। उन्होंने कहा कि अशांतिप्रिय और विघ्नसंतोषी तत्व पर्व के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि किसी भी छोटी घटना की जानकारी पुलिस को समय रहते मिल सके।

विवाद करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश…….

एसपी ने दो पक्षों के बीच पूर्व में विवाद वाले मामलों में संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और फाइनल बाउंड ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि यदि कोई व्यक्ति बंधपत्र की शर्तों का उल्लंघन करे तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

शांति समिति और गणेश उत्सव समितियों से संवाद जारी रखने के निर्देश………….


पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति और गणेश उत्सव समितियों की बैठकों में सामने आए सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से अमल करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस की मौजूदगी प्रभावी हो, संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण किया जाए और मजबूत सूचनातंत्र के जरिए किसी भी संभावित विवाद या असामाजिक गतिविधि की जानकारी समय रहते हासिल की जाए।