जबलपुर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अपनी ट्रांसफार्मेशन क्षमता में 50 एमवीए की वृद्धि करते हुए इसे बढ़ाकर 85,398 एमवीए कर लिया है। यह वृद्धि सीहोर जिले के 132 केवी गोपालपुर सबस्टेशन में 50 एमवीए क्षमता के दूसरे पावर ट्रांसफार्मर के सफल ऊर्जीकरण से संभव हुई है।ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि गोपालपुर सबस्टेशन की ट्रांसफार्मेशन क्षमता अब बढ़कर 90 एमवीए हो गई है। अब तक इस सबस्टेशन में केवल एक पावर ट्रांसफार्मर कार्यरत था। क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग तथा पारेषण प्रणाली की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। एमपी ट्रांसको के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजेश शांडिल्य ने बताया कि दूसरे पावर ट्रांसफार्मर के उपलब्ध होने से लोड प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा तथा किसी एक ट्रांसफार्मर के रखरखाव अथवा तकनीकी कारणों से बंद रहने की स्थिति में भी विद्युत पारेषण व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। इससे सीहोर जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय पारेषण व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
*एम पी ट्रांसको के प्रदेश मे 417 ई एच वी सबस्टेशन*-
एमपी ट्रांसको प्रदेश में 417 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कार्य संचालित कर रही है, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सबस्टेशन शामिल हैं। कंपनी के प्रदेशभर में कुल 1,055 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील हैं, जिनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 794 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं।
गोपालपुर में 50 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने से प्रदेश के पारेषण नेटवर्क की क्षमता और विश्वसनीयता दोनों में वृद्धि हुई है तथा सीहोर जिले को अधिक सुदृढ़ विद्युत पारेषण व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।