जबलपुर। शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था ‘मिलन’ अपनी 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा यानी हीरक जयंती वर्ष का भव्य समापन 2 सितंबर को शहीद स्मारक में रंगारंग सांस्कृतिक समारोह के साथ करेगी। कार्यक्रम में गीत-संगीत, नृत्य और हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों के बीच संस्था के हीरक जयंती वर्ष के समापन की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।मिलन’ के मीडिया प्रभारी मृगेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि संस्था की परंपरा के अनुरूप समारोह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 विशिष्ट एवं गुणीजनों का अभिनंदन किया जाएगा। यह समारोह संस्था की 75 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा और उसकी समृद्ध परंपरा को समर्पित रहेगा।
हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी खास आकर्षण
समारोह में देश के प्रसिद्ध हास्य कलाकार एवं ‘मिलन’ के संयोजक के.के. नायकर तथा बलराम वर्मा अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। इसके अलावा गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगी।
कार्यक्रम में डॉ. दीपशिखा पांडे, श्रद्धा दास, राजेश्वरी सराफ, अंकिता गिनार, कौतुकी उपाध्याय एवं समूह, डॉ. साधना उपाध्याय, अर्चना गोस्वामी और डॉ. आज्ञा मिश्रा सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
10 विशिष्ट हस्तियों का अभिनंदन
समारोह में साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी, डॉ. अखिलेश गुमास्ता, कैलाश गुप्ता, एडवोकेट रवि नंदन सिंह, पूर्व महाधिवक्ता डॉ. चंद्रा चतुर्वेदी, पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर, डॉ. ईला घोष, वरिष्ठ हास्य कलाकार दत्तात्रेय कुलकर्णी, संगीतकार राजेश पिल्ले और राष्ट्रीय हॉकी विजेता प्रिंस मिश्राका उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए अभिनंदन किया जाएगा।इसी अवसर पर ‘गीत पराग’ पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा।समारोह के मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू होंगे, जबकि अल्केश चतुर्वेदी, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा सारस्वत अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार भागवत दुबे करेंगे।विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, विधायक अभिलाष पांडे और विधायक अशोक रोहाणी शामिल होंगे।कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर विनोद नयन करेंगे। संस्था से जुड़े मदन तिवारी, डॉ. शोभा सिंह, डॉ. मुकुल तिवारी, डॉ. साधना उपाध्याय, जगदीश पटेल, एडवोकेट ईश्वर सिंह ठाकुर, राकेश खम्परिया, रीता दास, मौसमी चौधरी, सन्नी शर्मा और अज्ञेय ‘शशि’ ने शहरवासियों से इस नि:शुल्क समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।