*गणपति उत्सव एवं पर्यूषण पर्व के दौरान न हों परीक्षाएं: विधायक डॉ. पाण्डेय ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

जबलपुर, उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर आगामी गणपति उत्सव एवं जैन समाज के पावन पर्यूषण पर्व के दौरान प्रदेश के समस्त शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में परीक्षाएं आयोजित न किए जाने की मांग की है।विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने पत्र के माध्यम से कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ-साथ अध्यात्म और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। मध्य प्रदेश में गणपति उत्सव और पर्यूषण पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ मनाए जाते हैं। जहां गणेश उत्सव विघ्नहर्ता की उपासना का पर्व है, वहीं पर्यूषण पर्व आत्मशुद्धि, संयम, उपवास और क्षमा-प्रार्थना का पावन संदेश देता है।डॉ. पाण्डेय ने उल्लेख किया कि इन पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी व्रत, उपवास और धार्मिक-आध्यात्मिक साधना में संलग्न रहते हैं। ऐसे समय में विद्यालयों द्वारा परीक्षाओं या इंटरनल टेस्ट का आयोजन करने से विद्यार्थियों पर अत्यधिक मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक दबाव पड़ता है, जिससे वे न तो पर्व में पूरी तरह भाग ले पाते हैं और न ही परीक्षा पर समुचित ध्यान दे पाते हैं।
उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने स्कूल शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि:प्रदेश के समस्त शासकीय और अशासकीय (निजी) विद्यालयों को निर्देशित किया जाए कि वे इस अवधि में किसी भी प्रकार की मुख्य परीक्षा या आंतरिक (इंटरनल) एग्जाम का आयोजन न करें।परीक्षा तिथियों को इन महत्वपूर्ण धार्मिक पर्वों के आगे या पीछे पुनर्निर्धारित किया जाए।विधायक डॉ. पाण्डेय ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन के इस कदम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक व धार्मिक जड़ों से जुड़े रहने का अवसर मिलेगा तथा वे बिना किसी तनाव के अपने शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक जीवन में संतुलन बना सकेंगे।