51 फुट लाल ध्वज से सजेगा काली धाम

जबलपुर। श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर श्री वृहत महाकाली महोत्सव समिति, काली धाम गढ़ा फाटक द्वारा सोमवार, 24 अगस्त को विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर दोपहर 1 बजे मां महाकाली को 51 फुट का विशाल लाल ध्वज विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ अर्पित किया जाएगा।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण सोमवार के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मां महाकाली को ध्वज अर्पण के साथ ही भक्तों के लिए महाभोग एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया है।आयोजन को लेकर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां महाकाली के दर्शन एवं पूजन का लाभ लेने तथा महाभोग-भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।श्रद्धा और भक्ति के इस विशेष आयोजन को लेकर काली धाम परिसर में उत्साह का माहौल है।