सागर की त्रासदी के बीच जबलपुर में शराब के अड्डों पर पुलिस का धावा, 22 आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अवैध शराब के खिलाफ उठ रहे सवालों के बीच जबलपुर पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में बड़ा अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने घमापुर से लेकर रांझी, खमरिया, ओमती, बरगी और पनागर तक कथित अवैध शराब बनाने और बेचने के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 235 लीटर कच्ची शराब और 48 पाव देशी शराब जब्त की गई।
कार्रवाई की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर उन ठिकानों से सामने आई, जहां शराब बनाने के लिए भारी मात्रा में लाहन छिपाकर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक अलग-अलग स्थानों से करीब 2570 लीटर लाहन नष्ट किया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली 3 भट्टियां, गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

2 हजार लीटर लाहन नष्ट……….

घमापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तेलमिल के पास दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। पहले मामले में मेहर कुचबंधिया और गोपाल धारकर को पकड़ा गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। यहां से 75 लीटर कच्ची शराब, दो भट्टी और एक गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई में शेरू कुचबंधिया के घर से 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने सूरज स्वामी, विक्की कोरी और फेंक एकली को गिरफ्तार किया, जबकि शेरू मौके से निकल गया। दोनों कार्रवाई स्थलों से करीब 2000 लीटर लाहन मिलने की बात पुलिस ने कही है, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया।

रांझी में जमीन के नीचे छिपा था 25 सौ लीटर लाहन………

रांझी पुलिस की कार्रवाई में बापू नगर क्षेत्र से राहुल बाबू सोनकर और प्रेम शंकर सोनकर को क्रमश: 6 और 5 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। तलाशी के दौरान घर के पीछे जमीन में गड़ी पांच टंकियों से करीब 2500 लीटर महुआ-गुड़ लाहन मिलने की जानकारी पुलिस ने दी, जिसे मौके पर नष्ट किया गया।

खमरिया में घरों के पीछे बन रही थी शराब………….

खमरिया थाना क्षेत्र के रिठौरी स्थित भटरिया मोहल्ले में भी पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के अनुसार चार अलग-अलग स्थानों से महेन्द्र पटेल, जग्गो बाई बंजारा, रेखा बंजारा और ललिता बंजारा को कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। इनके ठिकानों से शराब बनाने के उपकरण और करीब 70 लीटर लाहन बरामद कर नष्ट किया गया।

ओमती में कच्ची शराब जब्त…….

ओमती पुलिस ने भरतीपुर में राजेश सोनकर को 32 पाव देशी शराब के साथ पकड़ा। वहीं गुरंदी क्षेत्र से राजा सिंह बरकड़े को 5 लीटर कच्ची शराब और गुरंदी रोड से रफीक शाह को 15 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

बरगी और पनागर में भी कार्रवाई…….

बरगी पुलिस ने मानेगांव, सगड़ापानी और बरगी नगर में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को कच्ची और देशी शराब के साथ पकड़ा। वहीं पनागर पुलिस ने छत्तरपुर और निभौरा क्षेत्र में दबिश देकर अजय उर्फ अज्जू कोल, ज्ञानवती केवट और रोहिणी उर्फ नंदनी केवट को कुल 21 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।

अब सवाल—कार्रवाई कितनी दूर तक जाएगी…….?

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के खिलाफ अभियान को लेकर सख्त संदेश जरूर गया है। लेकिन सागर की घटना के बाद असली चुनौती सिर्फ कुछ ठिकानों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। सवाल यह है कि कच्ची शराब बनाने के लिए इतनी बड़ी मात्रा में लाहन और सामग्री आखिर कहां से पहुंच रही है, इसके पीछे सप्लाई नेटवर्क कौन चला रहा है और शराब तैयार होने के बाद इसे किन इलाकों तक पहुंचाया जाता है?