जबलपुर। तिलहरी स्थित अजय सत्य प्रकाश होम्स परिसर में बुधवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। यहां नवनिर्मित संगमरमर के भव्य-दिव्य मंदिर में प्रभु श्री हनुमान जी महाराज को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच विधि-विधान से नवीन सिंहासन पर विराजमान कराया गया। विद्वान पं. मनजीत मिश्रा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। मंदिर में बजरंगबली के विराजमान होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा। प्रभु श्री हनुमान जी की कृपा और संकल्प साधना में लीन श्रीमती शारदा मक्कड़ की अटूट प्रेरणा से प्रो. रवीन्द्र मक्कड़ को मंदिर निर्माण एवं प्रभु की स्थापना का पुनीत कार्य करने का सौभाग्य मिलामंदिर निर्माण के इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में समाज के विभिन्न वर्गों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग दिया। प्रो. रवीन्द्र मक्कड़ के सेवानिवृत्त एवं सेवारत प्रोफेसर साथियों, उनके पढ़ाए हुए सेवानिवृत्त एवं सेवारत विद्यार्थियों, अधारताल के सिख समाज, रिश्तेदारों, मित्रों तथा सोसायटीवासियों ने इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।इस सेवा कार्य को पूर्णता तक पहुंचाने में एडवोकेट आलोक गुप्ता, पत्रकार अनिल शुक्ला और आशीष कपूर ने प्रो. रवीन्द्र मक्कड़ के साथ कदम से कदम मिलाकर समर्पित सहयोग किया। टीम ने आपसी समन्वय और दृढ़ संकल्प के साथ मंदिर निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया। सभी का विश्वास था कि प्रभु श्री हनुमान जी की शक्ति और कृपा से यह संकल्प निश्चित रूप से पूर्ण होगा।
श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, ग्रहण किया प्रसाद
पूजन कार्यक्रम में प्रो. रवीन्द्र-शारदा मक्कड़, अनिल-मनीषा शुक्ला, आशीष-दीपिका कपूर, आलोक-सीमा गुप्ता, सुनील जैकब मसीह, अरुण त्रिपाठी, श्रीमती किरण सिंह, प्रतिमा सिंह, अनीता अग्रवाल, राधिका अग्रवाल, ममता सिंह, जयबाबू, श्रीयम, कृष्णवी, आरना एवं अद्भित सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने प्रभु श्री हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया।
प्रभु दरबार में मनाया गया आशीष कपूर का जन्मदिन
पावन आयोजन के बीच सोसायटी के प्रतिष्ठित समाजसेवी आशीष कपूर का जन्मदिन भी प्रभु श्री हनुमान जी के दरबार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की।भगवान बजरंगबली के नवनिर्मित भव्य एवं दिव्य मंदिर में विराजमान होने के साथ ही अजय सत्य प्रकाश होम्स परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का नया संचार हुआ। श्रद्धालुओं ने इस अवसर को सामूहिक श्रद्धा, सेवा भावना, संकल्प शक्ति और प्रभु श्री हनुमान जी की कृपा का साकार रूप बताया।