पुल के पास बहते नारियल को पकड़ने की कोशिश में नदी में समाया 4 वर्षीय मासूम, SDRF का सर्च ऑपरेशन

जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के कुम्हार बाड़ा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पुल के पास खेल रहा 4 वर्षीय प्रियांशु पटेल पानी में बहते नारियल को उठाने के प्रयास में अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया और तेज धारा में बहकर लापता हो गया।
बताया जा रहा है कि बच्चा खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गया था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में बह रहे नारियल पर पड़ी। उसे पकड़ने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरा। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

SDRF और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही मझौली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। बच्चे की तलाश के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया। स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से नदी के संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।नदी किनारे बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा है। मासूम के लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। SDRF और गोताखोर लगातार नदी में तलाश कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल प्रियांशु का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बचाव दल नदी के बहाव और आसपास के हिस्सों में लगातार सर्चिंग कर रहा है।