जबलपुर। जीआरपी थाना जबलपुर ने चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 लाख 52 हजार 420 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक रेल सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 21 जुलाई 2026 को रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म-1 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे राजा निषाद (52), निवासी चित्रकूट (उ.प्र.) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बीते तीन माह के दौरान भुसावल-कटनी पैसेंजर और कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर एक सोने का हार, तीन नाक की लौंग, एक नथ, एक मंगलसूत्र, 12 सोने की मनचली के गुरिया, दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। चोरी का कुछ सामान कटनी स्थित एक ज्वेलर्स को बेचने की जानकारी भी सामने आई, जहां से दो सोने की अंगूठियां और चांदी की पायल जब्त की गई। ज्वेलर्स संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत सहित जीआरपी की टीम की अहम भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए रेल पुलिस अधीक्षक ने टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।