जबलपुर। आयकर दिवस-2026 के अवसर पर आयकर विभाग ने गुरुवार को पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय मॉडल उत्कृष्ट विद्यालय में अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कराधान के महत्व, कर अनुपालन के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।प्रधान आयकर आयुक्त सविता बुंदस के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने “राष्ट्र निर्माण में कराधान की महत्वपूर्ण भूमिका” विषय पर प्रभावशाली भाषण दिए। प्रतिभागियों ने बताया कि करों से प्राप्त राजस्व ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आधारभूत ढांचे, रक्षा, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं का आधार बनता है। उन्होंने ईमानदारी से कर भुगतान को हर जिम्मेदार नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व भी बताया।इस अवसर पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर जागरूकता की भावना बचपन से विकसित होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में वे जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य संजय परिहार, शिक्षिका डॉ. अर्चना मिश्रा, शिक्षक रामस्वरूप पटेल तथा आयकर विभाग के संयुक्त आयकर आयुक्त आर.एन. भारती, संयुक्त आयकर आयुक्त मिनी पणिकर, सहायक आयकर आयुक्त वी.जे. सतीश, आयकर अधिकारी उज्ज्वल दास, संतोष कुमार, साक्षी पवार, हर्ष कश्यप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आयकर अधिकारी महेश कुमार शुक्ला ने किया।प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेताओं को आगामी आयकर दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। अंत में आयकर विभाग ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में कर संस्कृति को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।