जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में 25 जुलाई को होने वाले कार्य समिति चुनाव से पहले चुनावी माहौल तेज हो गया है। इसी क्रम में मजदूर कर्मचारी मोर्चा के समर्थन में ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयीज फेडरेशन (एआईडीईएफ) के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव एवं जेसीएम काउंसिल तथा आठवें वेतन आयोग की ड्राफ्टिंग कमेटी के सदस्य रविंद्र रेड्डी ने जीसीएफ के विद्यानगर गेट पर विशाल आमसभा को संबोधित किया।मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास के अनुसार, रविंद्र रेड्डी ने कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग की प्रस्तावित मांगों और निगमीकरण (कॉरपोरेटाइजेशन) के विकल्पों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से अपने और परिवार के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकारी कर्मचारी का विकल्प चुनने की अपील की।सभा में रेड्डी ने एआईडीईएफ की प्रमुख मांगों का भी उल्लेख किया। इनमें न्यूनतम वेतन 69 हजार रुपये, सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों के परिवार को एक बार एलटीसी की सुविधा, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस को पोस्ट ग्रेजुएशन तक बढ़ाना, पहली क्रमोन्नति 8 वर्ष की बजाय 6 वर्ष में देना, पूरी सेवा अवधि में पांच पदोन्नतियां सुनिश्चित करना, केंद्रीय कर्मचारी समूह बीमा की राशि 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करना तथा मोबाइल भत्ता लागू करने जैसी मांगें शामिल हैं।
कार्य समिति चुनाव को लेकर रविंद्र रेड्डी ने विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे “विपरीत विचारधाराओं का गठबंधन” बताते हुए कहा कि यह केवल सत्ता प्राप्ति की कोशिश है, ट्रेड यूनियन की विचारधारा नहीं।
उन्होंने आमसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि जीसीएफ के कर्मचारी अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर जागरूक हैं। उन्होंने चुनावी माहौल का जायजा लेने के बाद मजदूर कर्मचारी मोर्चा के प्रत्याशियों को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।सभा में कटनी से एआईडीईएफ के कार्यकारिणी सदस्य शिव पांडे, व्हीकल फैक्ट्री से अमरीश सिंह, खमरिया लेबर यूनियन से पुष्पेंद्र सिंह, मजदूर संघ हथौड़ा के पूर्व अध्यक्ष मिठाई लाल रजक, वर्तमान अध्यक्ष विनय गुप्ता, इंटक यूनियन के अध्यक्ष संतराम रजक सहित मजदूर कर्मचारी मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।