AIDEF के संयुक्त महासचिव रविंद्र रेड्डी का आगमन 24 को गेट मीटिंग

:जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में 25 जुलाई को होने वाले कार्य समिति चुनाव को लेकर श्रमिक संगठनों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन (AIDEF) के संयुक्त महासचिव कॉमरेड रविंद्र रेड्डी का 22  जुलाई को जबलपुर आगमन प्रस्तावित है। वे 24 जुलाई को कर्मचारियों के बीच पहुंचकर फेडरेशन द्वारा कर्मचारी हितों में किए गए संघर्षों, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति से अवगत कराएंगे तथा कर्मचारियों से सीधा संवाद करेंगे।मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास ने बताया कि चुनावी तैयारियों के तहत बुधवार को जीसीएफ वेस्ट गेट पर मजदूर कर्मचारी मोर्चा (हथौड़ा-इंटक) की विशाल द्वार सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मजदूर संघ अध्यक्ष मिठाई लाल रजक ने ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन द्वारा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए किए गए आंदोलनों, उपलब्धियों और विभिन्न मांगों को लेकर किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

विकल फैक्ट्री से आए राजेश मिश्रा ने लाल झंडे के नेतृत्व में कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए हुए ऐतिहासिक संघर्षों तथा श्रमिक नेताओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कर्मचारी एकता को समय की आवश्यकता बताया।वहीं मजदूर संघ के महामंत्री रोहित यादव ने कहा कि कर्मचारियों ने उन्हें लगातार सात बार कार्य समिति सदस्य के रूप में चुनकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा कर्मचारियों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और आगे भी कर्मचारी हितों के लिए पूरी ताकत से संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने आगामी चुनाव में कर्मचारियों से पुनः समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील की।सभा में मौजूद कर्मचारियों ने आगामी कार्य समिति चुनाव में श्रमिक हितों की रक्षा, कर्मचारी एकता और मजबूत प्रतिनिधित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमरेड रविंद्र रेड्डी के दौरे से कर्मचारियों को फेडरेशन की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की प्रत्यक्ष जानकारी मिलेगी तथा डिफेंस कर्मचारियों का आंदोलन और अधिक मजबूत होगा।