मोबाइल पर लड़की बनकर बिछाता था प्रेमजाल,

जबलपुर। पाटन पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने लड़की की आवाज को अपना हथियार बनाकर युवकों को प्रेमजाल में फंसाने का अनोखा तरीका अपनाया था। आरोपी मोबाइल पर खुद को युवती बताकर घंटों प्यार भरी बातें करता, शादी का भरोसा दिलाता और भावनात्मक रूप से विश्वास जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से रुपये मांग लेता। रकम मिलते ही वह बातचीत बंद कर देता और मोबाइल से गायब हो जाता।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक 10 से 15 युवकों को अपना शिकार बना चुका है। किसी से 5 हजार रुपये, तो किसी से 50 हजार रुपये तक की रकम ऐंठी गई। आरोपी की बातचीत इतनी स्वाभाविक और भरोसा दिलाने वाली होती थी कि सामने वाला लंबे समय तक यह समझ ही नहीं पाता था कि वह किसी युवती नहीं, बल्कि एक युवक से बात कर रहा है।

परिजनों को हुआ शक, तब खुला ठगी का राज

मामले का खुलासा तब हुआ, जब कई युवकों के परिजनों ने उनके मोबाइल पर लगातार एक कथित युवती से हो रही बातचीत पर संदेह जताया। घर की महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए पाटन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल नंबरों की पड़ताल की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लड़की बनकर बातें करने वाला कोई युवती नहीं, बल्कि एक युवक है।

शादी का झांसा, फिर पैसों की मांग

पीड़ित सुंदर सिंह ने बताया कि आरोपी ने उनके भांजे से लड़की बनकर दोस्ती की और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बना लिए। इसके बाद शादी का वादा कर भावनात्मक दबाव बनाया और किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर 5 हजार रुपये ले लिए। बाद में जब सच्चाई सामने आई, तो पूरा परिवार हैरान रह गया और थाने पहुंचकर शिकायत की।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई और राज

पाटन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया, कुल कितनी रकम वसूली और क्या इस पूरे गिरोह में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।इस अनोखे ठगी के मामले ने यह भी साबित कर दिया कि साइबर और मोबाइल आधारित अपराध अब केवल फर्जी लिंक या ओटीपी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपराधी भावनाओं का सहारा लेकर भी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।