जबलपुर। पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी स्थित सरस्वती कॉलोनी में संचालित देह व्यापार के अड्डे पर छापा मारकर संचालिका सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को 10 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुहागी के सरस्वती कॉलोनी स्थित पन्नी मोहल्ला में एक मकान में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पहले एक पंटर को दो 500-500 रुपये के नोट देकर ग्राहक बनाकर भेजा। उसके इशारे पर टीम ने निमेष विनोदिया के मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मकान से मंजू निखर, मुकेश निखर और आरूष निखर सहित अन्य लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि मकान में ग्राहकों को बुलाकर देह व्यापार कराया जाता था तथा प्रत्येक ग्राहक से लिए गए एक हजार रुपये में से आधी राशि महिला को और शेष राशि संचालिका द्वारा रखी जाती थी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन कथित ग्राहकों—अभय सिंह उर्फ चिंटू, सुबोध कुमार सिंह और संजय चौरसिया—को भी मौके से पकड़ा। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक बॉक्समोटरसाइकिल (एमपी-20-केएल-4719), दो हजार रुपये नकद तथा आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।पुलिस ने मुकेश कुमार निखर, मंजू निखर, आरूष निखर, अभय सिंह, संजय चौरसिया और सुबोध कुमार सिंह के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक दीप्ति मरावी, आकांक्षा सिंह, दिनेश गौतम, गनपत मर्सकोले, प्रधान आरक्षक आनंद यादव, निर्मल राय तथा आरक्षक तीरथ चौरसिया एवं शशांक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।