जबलपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में शनिवार से जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत हुई। सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने जनजागरूकता रथ और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में चलेगा, जिसमें रैलियां, परिवार नियोजन शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम “मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए गर्भधारण के बीच उचित अंतराल तथा अनचाहे गर्भ से बचाव” है। अभियान के दौरान विवाह के बाद उचित समय पर संतानोत्पत्ति, बच्चों के जन्म में अंतराल, प्रसवोत्तर परिवार नियोजन, पुरुष सहभागिता और परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।अभियान के शुभारंभ अवसर पर सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय में पुरुष एवं महिला नसबंदी शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में दो पुरुष नसबंदी और 21 महिला नसबंदी (एलटीटी) ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।