हाईकोर्ट में पुलिस की आतंकियों से मुठभेड़ २ को मार गिराया

जबलपुर ।  मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर परिसर में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आतंकी हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर पुलिस, हाईकोर्ट सुरक्षा बल, बीडीडीएस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस टीम ने संयुक्त रूप से रेस्पॉन्स टाइम, मुस्तैदी और समन्वय का प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय एवं सेनानी 6वीं वाहिनी विसबल सिद्धार्थ चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित मॉक ड्रिल में हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा, न्यायाधीशों की सुरक्षा, कोर्ट रूम की सुरक्षा तथा आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया। ड्रिल के दौरान काल्पनिक आतंकी हमले की स्थिति में सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया, जबकि तीन आतंकियों को जीवित पकडऩे का सफल अभ्यास किया। इसके साथ ही बीडीडीएस टीम ने संदिग्ध बम की पहचान कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हृदयाघात जैसी आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल की रूपरेखा और संचालन उच्च न्यायालय सुरक्षा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक अजय परोचे ने किया। मॉक ड्रिल के दौरान मुख्य न्यायाधीश सहित सभी न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल धर्मेन्द्र सिंह राठौर, रजिस्ट्रार प्रशासन हर्ष सिंह बहरावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हाईकोर्ट सुरक्षा पी.एल. परतेती, उप पुलिस अधीक्षक पंकज परमार सहित हाईकोर्ट सुरक्षा, बीडीडीएस एवं न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।