दादा रोहाणी के 80वें जन्मदिवस पर ‘दादा लीजेंडरी रन उत्सव मैं 4 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल

जबलपुर। स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी के 80वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में दादा रोहाणी सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय सामाजिक, खेल एवं जनसेवा कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार सुबह भव्य ‘दादा लीजेंडरी रन उत्सव 2026’ के साथ हुई। शिवाजी ग्राउंड, सदर से प्रारंभ हुई इस रन में करीब 4,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।सुबह 6 बजे शुरू हुई रन शिवाजी ग्राउंड से सदर मेन रोड, भारत माता चौक (पेंटीनाका), सृजन चौक और माल रोड होते हुए पुनः शिवाजी ग्राउंड पहुंची। पूरे मार्ग में नागरिकों ने प्रतिभागियों का स्वागत और उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति तथा ‘फिट इंडिया-स्वस्थ भारत’ का संदेश प्रसारित करना रहा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी के सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के आदर्शों को याद किया।

आज विशाल रक्तदान शिविर और रोजगार मेला

कार्यक्रमों की अगली कड़ी में 29 जून (सोमवार) को पीएम श्री महाकौशल महाविद्यालय, सिविल लाइन्स में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रक्तदान शिविर में मेडिकल कॉलेज जबलपुर, विक्टोरिया अस्पताल एवं रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन) के सहयोग से अधिक से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां एवं संस्थान युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।

समिति ने शहर के युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर और रोजगार मेले में शामिल होकर जनसेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

आगामी कार्यक्रम

30 जून (मंगलवार) को सुबह 6 बजे अंपायर चौक स्थित दादा ईश्वरदास रोहाणी पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।

चार दिवसीय आयोजन का समापन 1 जुलाई (बुधवार) को मानस भवन, राइट टाउन में आयोजित ‘गौरव शिखर सम्मान समारोह’ के साथ होगा। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, खेल, संस्कृति, उद्योग, साहित्य, पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।