रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी का शपथग्रहण समारोह 12 जुलाई को

जबलपुर। रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी के नए रोटरी वर्ष 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर क्लब का 26वाँ भव्य एवं गरिमामय शपथग्रहण समारोह रविवार 12 जुलाई 2026 को रात्रि 8:30 बजे शहर के मध्य स्थित होटल कृष्णा में आयोजित किया जाएगा।
क्लब के पब्लिक इमेज निदेशक रोटे नितिन जैन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी क्लब संस्कारधानी की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप आयोजित होने वाले इस समारोह में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के पदाधिकारी, पूर्व प्रांतपालगण, जबलपुर के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष तथा वरिष्ठ रोटेरियन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी सत्र के लिए क्लब के अध्यक्ष रोटे मनीष बजाज, सचिव रोटे यश आहूजा एवं कोषाध्यक्ष रोटे सुनील जसवानी अपनी टीम “टीम ओजस्वी – Where Energy Meets Service” के साथ सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के नए आयाम स्थापित करने हेतु संकल्पित हैं।
क्लब के वर्तमान एवं संस्थापक अध्यक्ष रोटे अरुण गुप्ता, वर्तमान सचिव रोटे अभिषेक अग्रवाल तथा नई टीम के सभी सदस्य आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने के लिए निरंतर तैयारियों में जुटे हुए हैं और कार्यक्रम को अंतिम स्वरूप प्रदान कर रहे हैं।
सेवा कार्यों के साथ होगा नए सत्र का आगाज़
नए रोटरी सत्र की औपचारिक शुरुआत 1 जुलाई 2026 को थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए विशेष रक्तदान अभियान एवं क्लब सदस्यों के निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के साथ की जाएगी।
यह रक्तदान शिविर शासकीय लेडी एल्गिन हॉस्पिटल स्थित रोटरी ब्लड बैंक में आयोजित होगा। शिविर के दौरान नवप्रसूता माताओं एवं नवजात शिशुओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक एवं उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
क्लब की महिला सदस्यों की सक्रिय सहभागिता इस अभियान की विशेष पहचान रही है। सामाजिक सेवा के प्रति समर्पित महिला सदस्य न केवल आयोजन प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, बल्कि स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करती हैं।