समर्थन मूल्य से दो हजार रुपये कम भाव में मंडियो में फसल बेचने मजबूर
जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा मूंग उड़द के पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जून घोषित की गई है, जबलपुर जिले में मूंग उड़द की गिरदावरी पूर्ण न होने से हजारो किसान पंजीयन से वंचित रह गये हैँ। मूंग का समर्थन मूल्य 8768 रुपये प्रति क्विंटल घोषित है, जबकी मंडियो में औषत मॉडल भाव 6000 से 6500 रुपये में यानी 2 से ढाई हजार रुपये प्रति क्विंटल के घाटे में किसान बेचने मजबूर हो रहे है।
जबलपुर जिले में गिरदावरी अभी तक पूर्ण नहीं हुई है, किसान पटवारियों, तहसीलदारो के यहां चक्कर लगा लगा परेशान हो गये हैँ, उनकी कोई सुनने तैयार नहीं है। और कल यानी 15 जून को पंजीयन की अंतिम तिथि है। किसान करें तो क्या करें ।
किसानों के गैर राजनैतिक, वर्ग विहीन, राष्ट्रीय संगठन भारत कृषक समाज के महाकौशल प्रांत के अध्यक्ष इंजी. के के अग्रवाल ने मुख्य मंत्री महो. एवं मुख्य सचिव महो. को ईमेल से भेजे गये पत्र में शीघ्र गिरदावरी पूर्ण करने व पंजीयन की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है।
श्री अग्रवाल ने जिले के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से किसानों की मांग शासन तक पहुंचा कर समय सीमा बढ़वाने हेतु प्रयास करने व युद्ध स्तर पर गिरदावरी का कार्य पूर्ण कराने की अपील की है। साथ ही गिरदावरी का कार्य समय पर पूर्ण न किये जाने व इस लापरवाही के लिए सबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की है।