जबलपुर – कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गेहूं उपार्जन में अनियमतताओं की मिलने वाली प्रत्येक शिकायत पर कठोर कार्यवाही के निर्देश उपार्जन से जुड़े अधिकारियों को दिये हैं। कलेक्टर श्री सिंह बुधवार को जिला उपार्जन समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में कलेक्टर ने खरीदी केंद्र वार गेहूं के उपार्जन, परिवहन और भंडारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उपार्जित गेहूं की शत-प्रतिशत मात्रा का गोदामों में सुरक्षित भंडारण करने तथा स्वीकृति पत्रक जारी कर किसानों को भुगतान में तेजी लाने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुये अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित भ्रमण करने तथा खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी से निरंतर संपर्क में रहने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे रात में भी खरीदी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करें तथा गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा पाये जाने पर दोषियों पर कठोर कार्यवाही करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने कुंडम के तहसील के बघराजी खरीदी केंद्र के गेहूं की बोरियों में टैग नहीं लगाए जाने पर खरीदी केन्द्र प्रभारी के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश बैठक में दिये। ज्ञात हो कि बघराजी खरीदी केंद्र का गत दिवस स्वयं कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण किया था तथा किसानों से उपार्जित गेहूँ की बोरियों पर टैग लगा नहीं पाए जाने पर उपार्जन केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिये थे।कलेक्टर श्री सिंह ने सिहोरा तहसील के द्वारकाधीश वेयरहाउस में पूर्व वर्षों का भंडारित गेहूँ खराब होने की मिली शिकायत पर शीघ्र जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश भी उपार्जन समिति की बैठक में अधिकारियों को दिये।