बरगी डैम में तूफान के बीच पर्यटकों से भरा क्रूज पलटा5 की मौत की खबर; कई लापता, देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम उस वक्त बड़ा हादसा हो गया, जब तेज आंधी, हवा और तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज पलट गया। यह घटना खमरिया टापू के पास बताई जा रही है, जहां अचानक मौसम बिगड़ने से क्रूज असंतुलित होकर डूब गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में 30 से अधिक पर्यटक सवार थे। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन के अनुसार करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें कई लोग खुद तैरकर किनारे तक पहुंचे।इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। वहीं सूत्रों के मुताबिक अब तक 4 शव बरामद किए जा चुके हैं। करीब 5 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी मिल रही है, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम, पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। रात के समय सर्च ऑपरेशन में दिक्कत न हो, इसके लिए अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सांसद आशीष दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि  कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के समय अचानक तेज तूफान और हवाएं चलने लगीं, जिससे क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। मौसम के इस अचानक बदलाव ने हादसे को और भी भयावह बना दिया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था और मृतकों व लापता लोगों की संख्या में बदलाव की संभावना बनी हुई है।