जबलपुर । ट्रेनों अथवा रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों की नींद का फायदा उठाते हुए यात्री सामानों की चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने चांदी के जेवर बरामद किए है।
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर निगरानी शुदा बदमाश संजय उर्फ संजू मेश्राम उर्फ बंदर, साई नगर काली मंदिर के पास मांडवा बस्ती रामपुर थाना गोरखपुर,चोरी का सामान बेचने की फिराक में पकड़ा गया। संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिस पर आरोपियों ने अपने साथियों नित्तू उर्फ नीतेश,राजू उर्फ राजकुमार के साथ मिलकर रेल यात्रा के दौरान चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद अन्य दोनों आरोपियों को भी दबोचा गया और उनके कब्जे से 12 नग सोने के गुरिया,एक सोने का मंगलसूत्र का पैण्डल,सोने के टॉप्स,चांदी की बिछिया,एक फरियादी के कपड़े सहित कुल लगभग 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।