जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा शक्ति भवन स्थित मंडल कक्ष में ‘नारी शक्ति वंदन समारोह’ आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारियों के योगदान को पहचानना, उनका सम्मान करना एवं उन्हें प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में कंपनी मुख्यालय, जबलपुर में पदस्थ 100 से अधिक महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न क्षेत्रों की विशेषज्ञ हस्तियों के साथ संवाद का अवसर प्राप्त किया। भीतर होती है खुशियां, तनाव से पहले कारण समझना ज़रूरी-इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज इन एजुकेशन जबलपुर की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रीना जैन ने अपने व्याख्यान में कार्यरत महिलाओं की पेशेवर भूमिका एवं उनके सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमें तनाव और निराश होने से पूर्व इसके निहित कारण को समझना जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखना हम सभी के हाथों में होता है जिसे हम शांत चित्त एवं आसपास खुशनुमा वातावरण रख कर आसानी से हासिल कर सकते है।
लापरवाहियां भविष्य में न बने गंभीर समस्या………
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीना श्रीवास्तव ने महिला कार्मिकों से संवाद करते हुए महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी लापरवाहियां भविष्य में गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से कॉर्टिसोल हार्मोन की भूमिका पर चर्चा करते हुए इसके संतुलन को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के अंतर्गत उपस्थित महिला कार्मिकों के लिए नि:शुल्क कॉर्टिसोल परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसे सभी ने अत्यंत उपयोगी पाया।
योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन में अपनायें……..
महिला एवं बाल विकास निगम मध्यप्रदेश शासन की संयुक्त संचालक मनीषा लुम्बा ने तनाव प्रबंधन विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने व्यक्तिगत एवं कार्यस्थल जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने, स्पष्ट सीमाएं निर्धारित करने तथा योग एवं ध्यान को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिम्मेदारियों में अग्रणी रही महिला कार्मिक…..
इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी की नारी शक्ति न केवल कुशल एवं प्रतिभाशाली हैं, बल्कि जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की कार्य संस्कृति को एक सुरक्षित एवं पारदर्शी रूप देने में महिला कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी और महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी महिला कार्मिक कंपनी की अमूल्य धरोहर हैं और बखूबी अपने कार्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कार्मिकों ने कंपनी को अधिक सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस आयोजन में कंपनी के डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम, डायरेक्टर कमर्शियल मिलिंद भांदक्कर तथा अन्य वरिष्ठ अभियंता और कार्मिक उपस्थित रहे।