यात्रियों का पसीना बहा रही समर स्पेशल ट्रेने, 16-16 घंटे चल रही विलंब से, यात्री परेशान

जबलपुर। भीषण गर्मी के बीच रेल यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार 24 अप्रैल को जबलपुर से गुजरने वाली समर स्पेशल ट्रेनें 16 घंटे से भी ज्यादा की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को तेज गर्मी और उमस में लंबे समय तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है।
रेलवे द्वारा समर सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण इनका फायदा यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। यात्रियों का कहना है कि सिर्फ ट्रेनें चलाना ही काफी नहीं है, उनकी समय पर आवाजाही भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है कि ट्रेन कब आएगी और अपने गंतव्य तक कब पहुंचेगी। ट्रेन के समय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार, 05558 एलटीटी-रक्सौल करीब 16 घंटे 15 मिनट, 01450 दानापुर-हडपसर 15 घंटे, 01044 समस्तीपुर-एलटीटी 13 घंटे 45 मिनट, 03252 एसएमवीबी-दानापुर 10 घंटे 20 मिनट, 05791 किशनगंज-उधना 6 घंटे 45 मिनट, 05590 हडपसर-मुजफ्फरपुर 6 घंटे और 01449 पुणे-दानापुर करीब 3 घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही हैं।
लगातार बढ़ती देरी के कारण यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है और वे रेलवे से व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।