जबलपुर की नई ’वॉटर क्रांति’, भँवरताल बनेगा जल संचयन का मॉडल – उपमुख्यमंत्री  देवड़ा

भॅंवरताल उद्यान परिसर में सोकपिट निर्माण का भूमिपूजन

जबलपुर। शहर के हृदय स्थल भँवरताल उद्यान में अब वर्षा की हर बूंद को सहेजा जाएगा। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत, मध्य प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने स्थानीय गणमान्यजनों, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में यहाँ एक सोकपिट निर्माण का भूमिपूजन कर जल संरक्षण के एक नए अध्याय की शुरुआत की है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जबलपुर की यह नई ’वॉटर क्रांति’ है, जो एक मॉडल के रूप में जाना जायेगा। उन्होंने बताया कि भँवरताल जल संचयन का एक मॉडल तैयार होगा। उन्होंने इस पहल की सराहना की और सभी सम्माननीय जनों से भी आग्रह किया कि नगर निगम के इस अभियान में भागीदारी कर पुनीत कार्य में अपना योगदान प्रदान करें।

सोकपिट की प्रमुख विशेषताएँ और दूरगामी लाभ10 एकड़ में फैले इस पार्क में 4 सोकपिट का निर्माण किया जा रहा है, जो सीधे भू-जल स्तर को रिचार्ज करेगा। मानसून के दौरान अक्सर होने वाले जलभराव की समस्या अब बीते कल की बात होगी। संकलित पानी जमीन के भीतर जाकर धरती की प्यास बुझाएगा। इस पहल का सीधा लाभ उद्यान के आस-पास रहने वाले हजारों नागरिकों को मिलेगा, क्योंकि इससे क्षेत्र के ट्यूबवेल और कुओं का जल स्तर भी सुधरेगा।

नगर निगम का ’मिशन हार्वेस्टिंग’भँवरताल के साथ-साथ नगर निगम अब एक व्यापक कार्य योजना पर काम कर रहा है, निगम के सभी प्रमुख उद्यानों में इसी तरह के सिस्टम लगाए जा रहे हैं। शासकीय कार्यालयों के साथ-साथ अशासकीय संस्थानों और निजी भवनों में भी रैन वॉटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य और तेज किया जा रहा है। यह अभियान न केवल जबलपुर को जल-संकट से बचाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य भी सुनिश्चित करेगा। जब प्रशासन और आमजन मानस मिलकर ’जल गंगा’ का संवर्धन करते हैं, तभी प्रकृति मुस्कुराती है। इस मौके पर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, आशीष दुबे, विधायक डॉं. अभिलाष पाण्डेय, अशोक ईश्वरदास रोहाणी, सुशील तिवारी इन्दू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश साहू, डॉं. सुभाष तिवारी, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, विवेक राम सोनकर, पार्षद अतुल जैन दानी, श्रीमती अर्चना सिसोदिया, श्रीमती अंजना मनीष अग्रहरी, श्रीमती वर्षा मनोज सेन, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।