बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त करने निगमायुक्त ने देर रात किया पैदल भ्रमण

जबलपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करने और स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा रात्रि के समय व्यापक निरीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने रात्रि 10:00 बजे से मध्यरात्रि 12:00 बजे तक सिविक सेंटर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
अतिक्रमण मुक्त परिसर निगमायुक्त ने सिविक सेंटर के चारों ओर पैदल भ्रमण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि फुटपाथ और मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण न होने दें। उन्होंने बाजार को व्यवस्थित करने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
नाइट स्वीपिंग का जायजा
सिविक सेंटर के
पश्चात निगमायुक्त बड़ा फुहारा पहुंचे, जहाँ उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित ‘नाइट स्वीपिंग’ व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि मुख्य बाजारों में रात्रिकालीन सफाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
मौके पर उपस्थित अमले को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से रात्रि भ्रमण करें ताकि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था बनी रहे। इस अवसर पर अपर आयुक्त अशफाक परवेज कुरैशी, उपायुक्त संभव अयाची स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक यंत्री मनीष तड़से, अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, पोला राव, सहायक अतिक्रमण अधिकारी अखिलेश भदौरिया, श्री रावत आदि उपस्थित रहे।