जबलपुर। मुख्य रेल्वे स्टेशन पर जबलपुर रेल मंडल ने शनिवार की सुबह रेल्वे कर्मचारियों, अधिकारियों ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। शनिवार को प्रात: रेल मदद (139) के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जबलपुर मुख्य रेल्वे स्टेशन पर गोरखपुर जंक्शन से मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही गाड़ी संख्या 11082 के कोच एस-8 में यात्रा कर रहे एक 70 वर्षीय पैरालिसिस से पीडि़त बुजुर्ग यात्री रामजी विश्वकर्मा को यात्रा के दौरान गंभीर स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न हो गई है।
उनका राइल्स ट्यूब निकल जाने के कारण वे भोजन एवं पानी ग्रहण करने में असमर्थ हो गए हैं। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडल के रेल अधिकारियो द्वारा संबंधित यात्री और उसके परिजनों को उपचार हेतु उतरने का सुझाव दिया गया, किंतु परिजनों द्वारा यह बताया गया कि अगले दिन सुबह मुंबई के एक अस्पताल में चिकित्सकीय अपॉइंटमेंट निर्धारित है, अत: वे यात्रा जारी रखना चाहते हैं।
इस पर यात्री की तकलीफ को समझते हुए जबलपुर स्टेशन पर तैनात वाणिज्य विभाग के उप स्टेशन प्रबंधक बलवंत द्वारा तुरंत मानवीय पहल करते हुए स्थानीय बाजार से राइल्स ट्यूब की व्यवस्था कराई गई।
इसके उपरांत स्टेशन पर डॉ. पंकज पुरोहित एवं नर्सिंग स्टाफ अतुल द्वारा लगभग 20 मिनट के चिकित्सकीय प्रयास के बाद सफलतापूर्वक राइल्स ट्यूब लगाया गया। इस त्वरित एवं समन्वित प्रयास से बुजुर्ग यात्री को तत्काल राहत मिली और परिजनों ने रेलवे प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि गाड़ी का जबलपुर स्टेशन पर आगमन 06:50 बजे तथा प्रस्थान 07:12 बजे निर्धारित समयानुसार सुनिश्चित किया गया, जिससे अन्य यात्रियों को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।