जबलपुर। उत्तरभारत में हो रही बर्फबारी के बीच उत्तरी दिशाओं से आ रह हवाओं के कारण जबलपुर में ठंड के तेवर तीखे हो गए| घने कोहरे के बीच चली बर्फीली हवाओं से शहर कांप उठा| मंगलवार की सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते विजिबिलिटी कम हो गई थी. जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है.
मंगलवार की सुबह 3 से 4 बजे के बीच घना कोहरा था 50 मीटर दूर की चीजे दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे शहर के बाहरी मार्गों में बस, कार, मोटर सायकिल चालकों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा| मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिन में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है|
उत्तर भारत में हुए हिमपात के कारण शहर में बर्फीली हवाएं तेजी से चल रही है। ठंड की ठिठुरन से पूरा जनजीवन प्रभावित हो गया। प्रातःकालीन पाली में लगने वाली शालाओं में बच्चों का जाना और लेट लतीफ होने पर मिलने वाली सजा ठंड में दुगनी परेशानी पैदा कर रही है।
शिक्षक पालक संघ की मांग है, कि प्रातःकालीन शालाओं का समय बदलकर 9 बजे तो कर दिया पर ८ बजे तक ओस की बूंदे और कोहरा पीछा नहीं छोड़ता। लिहाजा स्कूलों में दस दिन का विशेष शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया जाए।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान प्रतिदिन नीचे लुढ़क रहा है और यदि दो तीन दिन तक यही क्रम जारी रहा जैसी कि संभावना है तो आने वाले दिनों में ठंड असहनीय हो जायेगी। लिहाजा शालाओं के समय में परिवर्तन या फिर विशेष शीतकालीन अवकाश घोषित किया जाए। वहीं खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वालों के लिए हर हाल में अलाव की व्यवस्था की जाये।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि घने कोहरे ओस की बूंदों के बीच चलने वाली बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। तापमान मे लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 10 दिनों से शहर में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। गर्म कपड़ों और अलाव के सहारे लोग शीतल बयारों से अपना बचाव कर रहे हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। इसी तरह न्यूनतमन तापमान 07.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। हवा में नमी प्रातःकाल 87 प्रतिशत, सायंकाल 57 प्रतिशत आंकी गई। प्रदेश में सबसे कम 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ जिले में दर्ज किया गया।
गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 27.04 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री दर्ज किया गया था। अगले 23 घंटों के दौरान जिले में मध्यम कोहरे रहने और शीतलहर चलने की संभावना है। उत्तरी पूर्वी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली| सूर्योदय सुबह 6.53 और सूर्योस्त् शाम 5. 40 बजे हुआ|