खेल संस्कृति और अभिभावक कल्याण को बढ़ावा देने कार्यशाला आयोजित

जबलपुर। नगर निगम एवं जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा नर्चरिंग नेबरहुड्स 2.0 पहल के तहत शहर स्तरीय कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू”, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यशाला में बच्चों और अभिभावकों के अनुकूल शहरी विकास, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा सार्वजनिक स्थलों को अधिक उपयोगी और सुरक्षित बनाने पर चर्चा की गई। इस दौरान जबलपुर के “खेल प्लान” की उपलब्धियों को साझा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

महापौर अन्नू ने कहा कि जबलपुर का प्ले मास्टरप्लान युवा बच्चों और देखभालकर्ताओं के अनुकूल शहर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने खेल और अभिभावक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी की आवश्यकता बताई।निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि जबलपुर देश का पहला शहर है जिसने प्ले मास्टरप्लान लागू किया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक मोहल्ले से 500 मीटर के दायरे में खेल स्थल उपलब्ध कराना है। कार्यशाला के अंत में सभी हितधारकों ने खेल, प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास और अभिभावक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार की।