जबलपुर। देवउठनी ग्यारस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर पूजन अर्चन कर मड़ई भरी गई और भगवान शालिग्राम व माता तुलसी का विवाह रचाया गया। गढ़ा और कोतवाली से भगवान शालिग्राम की बारात धूमधाम से निकाली गई। पौराणिक ऐसी मान्यता है कि भगवान विष्णु चार माह क्षीरसागर विश्राम के लिए चले गये थे और कार्तिक एकादशी के दिन ही उठे थे इसीलिए इसे देवउठनी ग्यारस के रूप में मनाया जाता है। इसी प्रकार घर-घर में गन्ने की मड़ई बनाकर भगवान विष्णु और सभी देवताओं की पूजा की गई और गन्ना, भाजी, भटा, आंवला, सिंघाड़ा, शकला, बेर का भोग लगाया गया।
मक्रवाहिनी मंदिर मे महाआरती…………
कल्चुरी कालीन मां नर्मदा की विशाल प्रतिमा वाले मक्रवाहिनी मंदिर पानदरीबा मे देवउठनी ग्यारस पर विशाल महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया है। महाआरती में विभिन्न धार्मिक और समाजिक संगठन शामिल हुए। मंदिर समिति के सम्पूर्ण तिवारी, कल्ली तिवारी, विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, आलोक पाठक, विलोक पाठक, संदीप जैन, पंडित योगेंद्र दुबे, पंडित राम दुबे, शरद मोदी आदि मौजूद रहे।
तुलसी माता मंदिर गौरीघाट मे बजी शहनाई …………
देव उठनी एकादशी के शुभ अवसर पर गौरीघाट स्थित तुलसी माता मन्दिर मे माता तुलसी शालिग्राम का भव्य विवाह का आयोजन किया गया, गौरीघाट स्थित भारत एकमात्र तुलसी मंदिर में बारात पहुंची। वैदिक विधि विधान से तुलसी माता का विवाह संपन्न हुआ, मान्यता है कि जिन विवाह योग्य जातकों का विवाह में अवरोध होता है कार्तिक की एकादशी के दिन तुलसी विवाह करने से शीघ्र विवाह होता है।