कार में ढुल रही थी शराब की खेप, पुलिस ने दबोचा


जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान माढ़ोताल पुलिस ने बड़ी खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम बसा में दबिश देकर कार से 251 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है। मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल और शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की कार भी जब्त की गई है।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के अनुसार, 15 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बसा में प्रियांश अग्निहोत्री के घर के सामने सड़क पर एक कार में बड़ी मात्रा में शराब रखी है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो युवकों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम 28 वर्षीय प्रियांश अग्निहोत्री निवासी ग्राम बसा और 22 वर्षीय आशुतोष उर्फ चुंगा यादव निवासी ग्राम मड़ई रांझी बताए।

19 पेटियों में भरी थी शराब………..

तलाशी के दौरान कार में 19 कार्टून मिले। इनमें रॉयल स्टैग, रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट, ब्लेंडर्स प्राइड, मैजिक मूमेंट, मेकडॉवेल्स, 8 पीएम, आइकोनिक व्हाइट, रॉयल चैलेंज, बैगपाइपर और ऑफिसर्स चॉइस सहित विभिन्न ब्रांड की शराब मिली। इसके अलावा कार के पोर्च में रखे एक बड़े काले थैले से भी अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले गौरीघाट निवासी अर्जुन केवट से बिक्री के लिए 25 पेटी अंग्रेजी शराब मंगाई गई थी। आशुतोष उर्फ चुंगा ने कथित तौर पर अर्जुन केवट की बिना नंबर की कार से शराब बसा स्थित घर तक पहुंचाई थी।
पुलिस की लगातार गश्त के कारण शराब को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी थी। इसी दौरान आशुतोष को बुलाया गया और दोनों आरोपी कार में 19 पेटी शराब रख चुके थे। पोर्च में रखा थैला कार में रखने से पहले ही पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने 251 बोतल शराब, कीमत करीब 2.25 लाख रुपये, दो मोबाइल और शराब परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त की है। कार की नंबर प्लेट पर अंग्रेजी में “एमपी हाईकोर्ट ” लिखा हुआ था, जबकि रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 20 जेडएच 1055 अंकित बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।