जबलपुर। पाटन रोड स्थित गुरुपिपरिया गांव के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर के बाद कार उसके अगले हिस्से में फंस गई और करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।पाटन पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे दमोह स्टेट हाईवे पर जबलपुर से पाटन की ओर जा रहा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्राले में फंस गई और सड़क से होते हुए खेत तक घिसटती चली गई।
हादसे में कार चला रहे अजय पटेल, निवासी तेंदूखेड़ा, की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा पाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक का शव वाहन में फंस गया था, जिसे गैस कटर से कार की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।