जबलपुर। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी, है जरूरी 2.0” अभियान के तहत शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केरल की प्रसिद्ध महिला बुलेट राइडर शाइनी राजकुमार (बुलेट क्वीन ऑफ केरल) ने विशेष रूप से भाग लेकर युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अनु बेनीवाल, पुलिस अधिकारी, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक सहित करीब 500 लोग शामिल हुए। सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा घंटाघर से जागरूकता रथ और शाइनी राजकुमार की बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर शाइनी राजकुमार ने मध्यप्रदेश पुलिस के नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में जनजागरूकता के माध्यम से ही नशे पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।वहीं अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रैली, शपथ, जनसंवाद, पोस्टर अभियान, सेल्फी अभियान और नुक्कड़ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, विद्यार्थियों, ऑटो-बस चालकों तथा महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।