मेडिकल कॉलेज  में इलेक्ट्रिशियन से मारपीट, स्कूटर और मोबाइल लूटे

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में तीन अज्ञात युवकों ने इलेक्ट्रिशियन के साथ मारपीट कर उसकी स्कूटर और मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार हनुमानताल निवासी कमलेश अहिरवार इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि 21 सितंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे वह अपनी एक्सिस क्रमांक एमपी 20 यूए 4003 से मुकुनवारा गया था। रात करीब 10.30 बजे वह मेडिकल कॉलेज गेट के पास पहुंचा और परिसर में अपनी स्कूटर पर बैठा था।
इसी दौरान एक युवक उसकी एक्सिस को उठाकर ले जाने लगा। कमलेश ने उसे रोकने का प्रयास किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में युवक के दो साथी और मौके पर पहुंच गए। तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कमलेश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसकी एक्सिस तथा मोबाइल छीन लिया। मोबाइल के कवर में रखे कुछ रुपये भी आरोपी अपने साथ ले गए।वारदात के बाद तीनों आरोपी कमलेश को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में उसके सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। शिकायत पर गढ़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।