जबलपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावों के बीच जवाहरगंज वार्ड की कई गलियां गंदगी से बेहाल हैं। छुट्टू मियां की तलैया के पीछे इसरार लेस के सामने वाली गलियों से लेकर गलगला लाल स्कूल के सामने तक कचरे का ढेर लगा हुआ है। घरों के डस्टबिन भर चुके हैं, लेकिन कचरा उठाने वाले वाहन नहीं पहुंच रहे। ऐसे में गलियां धीरे-धीरे कचरा डंपिंग पॉइंट में तब्दील होती जा रही हैं।
क्षेत्रीय रहवासियों के सामने सबसे बड़ी समस्या नियमित कचरा उठाव नहीं होने की है। घरों में जमा कचरा बाहर निकलकर गलियों तक पहुंच रहा है। जगह-जगह फैली गंदगी से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है, लेकिन जिम्मेदारों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा।
कचरे में भोजन तलाश रहीं गायें………
गलगला लाल स्कूल के सामने की गलियों में फैले कचरे के बीच गायें भोजन तलाशती और कचरा खाती नजर आ रही हैं। कचरे में मौजूद सड़े-गले खाद्य पदार्थ और प्लास्टिक उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। इसके बावजूद कचरे के ढेर हटाने और नियमित सफाई कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
अधिकारी बदल रहे, हालात नहीं……..
नगर निगम में अधिकारियों के बदलने के बावजूद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा। रहवासियों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इन गलियों की स्थिति का निरीक्षण कर नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करेंगे। लोगों की मांग है कि भरे हुए डस्टबिन तत्काल खाली कराए जाएं, गलियों में जमा कचरा हटाया जाए और कचरा वाहनों की नियमित आवाजाही सुनिश्चित की जाए, ताकि वार्डवासियों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।