जबलपुर – मिलन तरुण साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 2 सितंबर 2026 को शहीद स्मारक, जबलपुर में हीरक जयंती समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संस्कारधानी की सामाजिक, धार्मिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं वंदे मातरम् से हुआ। इसके पश्चात लोकनृत्य, शिव स्तुति नृत्य, गीत-संगीत तथा हास्य-व्यंग्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर ‘गीत पराग’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि जबलपुर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाकवि आचार्य भगवत दुबे ने की। सारस्वत अतिथि श्री अलिकेश चतुर्वेदी तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक श्री लखन घनघोरिया, श्री अशोक रोहाणी एवं श्री अभिलाष पाण्डेय उपस्थित रहे। वरिष्ठ धर्मसेवी एवं समाजसेवी श्री अशोक मनोध्याय की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर संस्कारधानी की सक्रिय एवं संवेदनशील धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं को ‘मिलन अलंकरण’ प्रदान किया गया।
इसी क्रम में जबलपुर की प्रतिष्ठित श्रीरामलीला समिति गढ़ा, जाबालिपुरम को धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘मिलन अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय समिति के संचालक श्री अशोक मनोध्याय, अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा, महामंत्री एडवोकेट अरुण दीक्षित सहित कैलास नेमा, राजेश नेमा, लोकराम कोरी, रमाशंकर कटारे, भूपेन्द्र उपाध्याय, देवी सिंह, हनुमत सिंह रघुवंशी, विनोद नेमा, नीलेश चौबे, मनोज काशिव सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के प्रचार मंत्री दिनेश मिश्रा ने मिलन संस्था के संयोजक के.के. नायकर, सचिव श्रीमती मुकुल तिवारी, श्री बलराम वर्मा, समन्वयक इंजी. विनोद नयन एवं श्री मृगेंद्र नारायण सिंह के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीरामलीला समिति गढ़ा को ‘मिलन अलंकरण’ से सम्मानित किया जाना समिति के सभी सदस्यों के लिए गौरव एवं उत्साह का विषय है। उन्होंने मिलन संस्था के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार, अभिनंदन एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।