बगदरी फॉल में इंसानियत शर्मसार : वीडियो वायरल, चोरी के शक में 2 बच्चों को निर्वस्त्र कर पीटा


जबलपुर। पाटन के चर्चित बगदरी वॉटर फॉल में मौज-मस्ती और सैर के लिए पहुंचे दो मासूम बच्चों के साथ ऐसी दरिंदगी हुई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। चोरी के शक में कुछ युवकों ने करीब 12 साल के दो नाबालिगों को पकड़कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, कपड़े उतरवाकर निर्वस्त्र किया और पूरा घटनाक्रम मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोप है कि बच्चों से मोबाइल फोन और रुपये भी छीन लिए गए तथा बाद में शराब के लिए पैसे मांगकर उन्हें धमकाया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस सक्रिय हुई। पाटन थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।

शक ने बना दिया शिकार……

बताया गया है कि पाटन क्षेत्र में रहने वाले दोनों बच्चे बगदरी वॉटर फॉल घूमने गए थे। इसी दौरान दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से आए कुछ युवक भी वहां पहुंचे। युवकों ने फॉल के पास अपने कपड़े और रुपये रखकर नहाने चले गए। नहाकर लौटने के बाद उन्होंने वहां घूम रहे दोनों बच्चों पर अपने रुपये निकालने का आरोप लगा दिया। बच्चों ने बार-बार कहा कि उन्होंने कोई चोरी नहीं की है, लेकिन युवकों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

मासूम गिड़गिड़ाते रहे, आरोपी बनाते रहे वीडियो…..

बच्चे खुद को निर्दोष बताते रहे और चोरी करने से लगातार इनकार करते रहे। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों बच्चों के कपड़े उतरवा दिए और उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया। इस अमानवीय हरकत का एक युवक लगातार मोबाइल से वीडियो बनाता रहा। वीडियो में बच्चों के साथ की गई मारपीट और उनके साथ किया गया व्यवहार सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि आरोपियों ने बच्चों की बेबसी को रोकने के बजाय उसे कैमरे में कैद किया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मोबाइल और रुपये भी छीने………..

बच्चों ने बताया कि उनके पास मौजूद मोबाइल फोन भी आरोपियों ने छीन लिया। इसके बाद उनसे रुपये लिए गए और शराब के लिए पैसे मांगने का आरोप है। पूरी घटना के दौरान बच्चे भयभीत रहे और आरोपियों से छोड़ने की गुहार लगाते रहे।

वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंचा ……….

घटना के बाद किसी थाने में शिकायत पहुंचने से पहले ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो मामले को गंभीरता से लेते हुए पाटन थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।