विद्युत सुधार के दौरान आउटसोर्स कर्मी की मौत पर आक्रोश भड़का, शव रखकर प्रदर्शन


जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर थाना अतंर्गत अमखेरा इको सिटी में विद्युत पोल में सुधार कार्य करते समय अचानक लाईन चालू हो जाने से एक आउटसोर्स कर्मचारी की शुक्रवार को करंट लगने से ऊंचाई से गिरने पर मौत हो गई थी| इस घटना के बाद शनिवार को खजरी खिरिया बायपास रोड पर मृतक के शव का रखकर आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रीय रहवासियों ने प्रदर्शन किया| प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के बेटे को नियुक्ति दी जाए और मृतक के परिजनों को मुआवाजा दिया जाए, साथ ही दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए| मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग द्वारा जांच के बाद समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर चका जाम समाप्त हुआ।


ज्ञातव्य है कि शुक्रवार की दोपहर ट्रांसफार्मर में लगी एलटी केबल जल जाने के बाद मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारी 50 वर्षीय रंजीत कोरी, निवासी अमखेरा, विद्युत पोल पर चढ़कर सुधार कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे करीब 10 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रंजीत कोरी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधारताल शिकायत केंद्र में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, रंजीत कोरी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधारताल शिकायत केंद्र में कार्यरत थे। इको सिटी में खराब एचटी केबल सुधारने का कार्य जूनियर इंजीनियर पुष्पजीत सिंह धुर्वे द्वारा सौंपा गया था। बताया जा रहा है कि कार्य शुरू करने से पहले विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई थी, लेकिन हादसा कैसे हुआ, यह जांच का विषय बना हुआ है।


विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों केएन तोखंडे, एसके मोर्य, एसके सिंह, दशरथ शर्मा ओर शशि उपाध्याय ने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने ओर हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।